कांगड़ा। लोगों को शादी के नाम पर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ (Exposed) हुआ है। ‘दुल्हन’ समेत इसके सदस्य पुलिस (Police) की गिरफ्त में हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह गिरोह पंजाब के लुधियाना से प्रदेश के लोगों से मिलकर इस गोरखधंधे में लगा था। जिनकी शादियां नहीं हो रही थीं, उन्हें यह गिरोह अपना शिकार बना रहा था।
शादी के कुछ दिन बाद दुल्हन सामान और गहने लेकर भाग रही थी। गिरोह शादी से पहले भी पैसे ऐंठ रहा था। कांगड़ा जिले के कई परिवार ऐसी ठगी का शिकार हुए हैं। कुछ तो न्याय की गुहार लेकर सामने आ गए, लेकिन कई लोक-लाज या जागरुकता के अभाव में चुप ही रहे। इसी कड़ी में जयसिंहपुर के गंदड़ मरेरा गांव के परिवार का नाम भी जुड़ा है।
यह भी शादी के नाम पर ठगी का शिकार हुआ है। शादी के एक सप्ताह बाद दुल्हन बीमार मां को देखने का बहाना बना कर घर से गई और कभी वापस नहीं लौटी। और तो और, फोन भी नहीं उठाया। बिचौलिए ने भी यही किया। परिवार के हिस्से आया तो गम और शादी के लिए लिया उधार।
‘समाचार हिमाचल’ की लोगों से अपील है कि ऐसे जालसाजों के झांसे में न आएं और शादी जांच-परख कर ही करें। किसी पर आसानी से विश्वास करना, ठगी को आमंत्रण देने के समान है।

