शिमला। हिमाचल (Himachal) में पंचायतों की संख्या 3,616 हो गई है। प्रदेश में 39 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना (Notification) पंचायती राज विभाग (Dipartment) ने जारी कर दी है। यह प्रदेश सरकार का ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है।
नई पंचायतों के गठन से प्रदेश में अब पंचायतों की कुल संख्या 3,577 से बढ़कर 3,616 हो गई है। हालांकि मंडी जिले की एक प्रस्तावित पंचायत में तकनीकी कारणों से अभी मामला लंबित है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक सप्ताह में इन नई पंचायतों का पुनर्सीमांकन (Delimitation) कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इससे आगामी चुनाव प्रक्रियाओं के लिए भौगोलिक सीमाएं स्पष्ट हो सकें।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए प्रदेश में 31 मई से पहले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न करवाने की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाने की योजना है।
इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए लगभग 22 हजार मतदान केंद्र बनाए जाएंगे और करीब 35 हजार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा है कि संवेदनशील केंद्रों की पहचान और मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का कार्य जल्द शुरू होगा, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनी रहे।

