किन्नौर जिले की बेटी माला भगती (Mala Bhagti) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश (State) और देश (Country) का नाम रोशन किया है। श्रीलंका में हुई दूसरी दक्षिण एशियाई पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप (Championship) में माला भगती ने भारतीय महिला टीम (Team) का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किया। ल
प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के चार खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की ओर से हिस्सा लिया। इनमें किन्नौर की माला भगती, कुल्लू की ज्योति ठाकुर, बिलासपुर की रंजना ठाकुर और सिरमौर के जसवीर शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
माला भगती की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह इससे पहले भी दो बार भारतीय टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। माला की इस सफलता को उनकी मेहनत, संघर्ष, आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम माना जा रहा है। उन्होंने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
उनकी इस उपलब्धि से किन्नौर सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। माला भगती की सफलता प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

