देहरा। टूरिस्ट बस (Bus) की चपेट में आने से बाइक (Bike) सवार युवक (Youth) की मौत (Death) हो गई है। वहीं युवती गंभीर रूप से घायल (Injured) हुई है। यह दर्दनाक हादसा (Accident) एनएच-503 पर देहरा के 132 केवी सब स्टेशन के पास हुआ है। हादसा देहरा के हनुमान चौक से कांगड़ा मार्ग की ओर जाते समय हुआ है।
जानकारी के मुताबिक श्रद्धालुओं से भरी एक नई टूरिस्ट बस सोलन से ज्वालामुखी मंदिर दर्शन के बाद मां बगलामुखी मंदिर जा रही थी। इस दौरान कांगड़ा की ओर से आ रही बाइक बस की चपेट में आ गई। बस के ड्राइवर साइड के अगले टायर से टकराकर बाइक नीचे आ गई। बाइक चालक सड़क पर गिर गया।
बाइक के पीछे बैठी युवती उछलकर नाली में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
बस चालक पंकज ने बताया कि बाइक तेज गति में थी और ओवरटेक करने के प्रयास में सीधी बस से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। घायल युवती को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद एनएच पर काफी देर जाम लग गया। देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवक और घायल युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। युवक-युवती कहां के रहने वाले थे और कहां जा रहे थे, इसका पता लगाया जा रहा है।
बाइक का नंबर HP-55 C 9749 बताया जा रहा है। देहरा पुलिस ने केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गौर हो कि इस मार्ग पर कुछ दिन पहले खबली दोसड़का के पास एक बाइक पेड़ से टकरा गई थी। इसमें बाइक चालक 17 वर्षीय स्कूली छात्र की दर्दनाक मौत हो गई थी।

