देहरा। पुलिस जिला देहरा (Dehra) के अंतर्गत संसारपुर टैरेस पुलिस (Police) ने गोद लेने के नाम पर नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पंजाब आधारित नेटवर्क से जुड़े मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार (Arrest) किया गया है।
मामले की शुरुआत 17 फरवरी, 2026 को हुई, जब रोहित राणा ने थाना संसारपुर टैरेस में शिकायत दर्ज करवाई कि दीपक आनंद नामक व्यक्ति ने नवजात शिशु को गोद दिलाने के नाम पर उससे ₹23,500 की ठगे हैं। शिकायत के आधार पर थाना संसारपुर टैरेस में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी दीपक आनंद की लोकेशन जालंधर (पंजाब) में ट्रेस की। पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जालंधर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दीपक आनंद पंजाब आधारित एक अंतरराज्यीय गिरोह के लिए एजेंट के तौर पर काम कर रहा था। वह निःसंतान या जरूरतमंद दंपतियों से संपर्क कर उन्हें गिरोह के अन्य सदस्यों से जोड़ता था, जो अवैध रूप से नवजात शिशुओं की तस्करी कर मोटी रकम वसूलते थे।
आगे की जांच में पुलिस ने पंजाब के बटाला से गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त जालंधर से अनीता नामक एक अन्य महिला को भी हिरासत में लिया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने एक शिशु को भी रेस्क्यू किया है। किशोर न्याय बोर्ड के निर्देशानुसार बच्चे को विधिक संरक्षण एवं देखभाल सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी के सुपुर्द किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपी एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा थे, जो अवैध गोद लेने की प्रक्रिया के नाम पर नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त कर रहे थे और कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी है।

