चंबा। जिले के मैहला के लोथल गांव में व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या (Murder) कर आत्महत्या (Suicide) कर ली है। इस दिल दहला देने वाली वारदात के सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की शिनाख्त सरवन पुत्र तानी और उनकी पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार इस दंपत्ति की तीन संतानें हैं। इनमें दो बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है। वहीं बेटा नाबालिग है, जो माता-पिता के साथ ही रहता था। इस वारदात ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है।
स्थानीय लोग और रिश्तेदार शोक में डूब गए हैं। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का ही लग रहा है।
पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस घरेलू कलह या किसी पुराने विवाद के एंगल से केस की जांच कर रही है।
ग्रामीणों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए गए हैं, ताकि वारदात असली वजह का पता चल सके। वारदात के समय करीब 17 साल बेटा कहां था और उसने क्या देखा, इसे लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

