देहरा के चनौर के प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर की हत्या के आरोपी को पांच दिन का पुलिस (Police) रिमांड मिला है। इस पहले पुलिस ने आरोपी को अदालत (Court) में पेश किया। वहां पुलिस ने पूछताछ को लेकर रिमांड की मांग की, उसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
यह अपडेट (Update) जिला पुलिस देहरा एसपी (SP) मयंक चौधरी ने दी है। मृतका सुलोचना देवी (59) पत्नी स्व. विशंभर दास निवासी चनौर स्कूल में बतौर मिड-डे मील वर्कर (कुक) कार्यरत थी। 12 फरवरी को दोपहर करीब 12:20 बजे आरोपी ने स्कूल परिसर में ही धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डाडासीबा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को राकेश कुमार उर्फ मोनू (45) निवासी चनौर ने अंजाम दिया है। घटना के बाद आरोपी फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे करीब आधे घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस थाना डाडासीबा में केस दर्ज किया गया है।
मृतका का पोस्टमार्टम शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी को न्यायालय JMFC कांगड़ा में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी की अगली पेशी 17 फरवरी को होगी।
मामले से जुड़े सभी भौतिक, दस्तावेजी और वैज्ञानिक साक्ष्यों को एकत्र कर गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्कूल में बच्चे भी नहीं आए। स्कूल परिसर में हुई इस जघन्य वारदात से अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षकों में गहरी चिंता और डर व्याप्त है।

