एएम नाथ। चंबा
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सोमवार को चंबा के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने भारी बारिश से हुए नुकसान के बाद राहत कार्यों का जायजा भी लिया। राज्यपाल ने रेडक्रॉस एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक दृष्टि से खूबसूरत, कला और संस्कृति में समृद्ध होने के बावजूद चंबा ‘एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट’ की श्रेणी में शामिल है। इस पर चिंतन करना चाहिए है। अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यों और कर्तव्यों का अधिक समर्पण से निर्वहन करेंगे, तभी चंबा एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट से बाहर निकल पाएगा। योजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने विभागों से अपने कार्यों का आकलन और अधिकारियों से क्षेत्रों में जाकर उपस्थिति सुनिश्चित बनाने को कहा।
राज्यपाल ने कहा कि जिले में सड़क नेटवर्क को और सुदृढ़ करने के लिए वैकल्पिक योजना पर कार्य किया जाना चाहिए। इस संबंध में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेजी चाहिए। उन्होंने उपायुक्त को सड़क संबंधी एक रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से तैयार कर उन्हें प्रेषित करने को कहा।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने राज्यपाल का आंतरराष्ट्रीय मिंजर महोत्सव के आगाज के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिले में विकास गतिविधियों को गति देने के लिए वह प्रयासरत हैं। विधायक नीरज नैयर और डीएस ठाकुर ने भी सुझाव दिए।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने राज्यपाल का स्वागत कर जिले में विभिन्न गतिविधियों एवं केंद्रीय योजनाओं के कार्यों की प्रगति की उन्हें जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल के सचिव संदीप कदम और पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव विभिन्न भी मौजूद रहे।