कुल्लू। जिला पुलिस (Police) ने 15.50 ग्राम चिट्टा बरामद कर चार युवक (Youth) गिरफ्तार (Arrest) किए हैं। कुल्लू में पुलिस ने दो मामलों (Cases) में कार्रवाई की है। कुल्लू में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर नशे की खेप के साथ चार युवकों को पकड़ा है। दोनों मामलों में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत केस दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

पहले मामले में पुलिस चौकी लुहरी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लुहरी मोड़ के पास दो युवकों गुड्डू (35) निवासी गांव व डाकघर लुहरी तहसील आनी और सैलेश बंसल (27) निवासी गांव बागीपूल डाकघर ब्यूणी तहसील निरमं को पकड़ा है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है।

इस संबंध में थाना आनी में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। दूसरे मामले में STF बजौरा की टीम ने भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर सिंऊड के पास नाकेबंदी के दौरान कार को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार अमृतसर (पंजाब) और बेंगलुरु के दो युवकों के कब्जे से 5.34 ग्राम चिट्टा और ₹ 91,500 नकद बरामद किए हैं।

थाना भुंतर में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 और 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ रही है, ताकि नशे के नेटवर्क, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Leave A Reply

Exit mobile version