हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल के रुठानी गांव के जवान (Soldier) अक्षय कुमार (26) की मौत (Death) से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अक्षय कुमार उत्तराखंड के जोशीमठ में तैनात थे। उनकी मौत का कारण हृदयाघात होना बताया जा रहा है।

अक्षय कुमार की शादी 3 दिसंबर को होनी तय थी। घर में विवाह की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। परिवार के सदस्य बेटे की शादी को लेकर बेहद खुश थे और घर में उत्सव का माहौल था। लेकिन शादी (Marriage) से महज 20 दिन पहले जवान की मौत की खबर ने परिवार (Family) की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।

अक्षय कुमार 16 दिसंबर, 2020 को भारतीय सेना (Indian Army) में भर्ती हुए थे। देशसेवा का जज्बा लेकर सेना में शामिल हुए अक्षय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता राज कुमार कारोबारी हैं, जबकि माता सरोज कुमारी गृहिणी हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत की खबर सुनकर माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अक्षय की मौत से गांव का हर व्यक्ति दुःखी है। ग्रामीणों के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। जिस बेटे के विवाह को लेकर परिवार ने कई सपने संजोए थे, उसके असमय चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

नंधन पंचायत के प्रधान रवि कुमार ने बताया कि अक्षय कुमार भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। उनकी मौत से परिवार और पूरे गांव में गहरा दु:ख है। शादी की खुशियों का इंतजार कर रहे परिवार को अब अपने लाड़ले को अंतिम विदाई देनी पड़ेगी।

Leave A Reply

Exit mobile version