ज्वालामुखी पुलिस (Police) ने 71 ग्राम चरस के साथ 22 साल के युवक (Youth) को गिरफ्तार (Arrest) किया है। आरोपी नगर परिषद ज्वालामुखी के पूर्व उपाध्यक्ष का बेटा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस (Case) दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक ज्वालामुखी पुलिस की टीम गत मध्य रात्रि गश्त और नाकेबंदी पर थी। इस दौरान चोहडन (गजू दा बाग) के पास एक बाइक को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान चालक के कब्जे से नशे की खेप बरामद हुई। आरोपी की पहचान सूर्या गोस्वामी निवासी वार्ड नंबर-7 के रूप में हुई है।

एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा है कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह चरस कहां से लाया था और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है। इसके लिए आरोपी के मोबाइल का रिकॉर्ड भी खंगाला जाएगा, ताकि इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। यह पहली बार नहीं है, जब ज्वालामुखी में जनप्रतिनिधियों या उनके परिजनों का नाम नशे के मामलों में सामने आया हो।

इससे पहले वार्ड नंबर-4 के पूर्व पार्षद मनु शर्मा उर्फ माल्टा को भी एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। उस पर नशा तस्करी के कई केस दर्ज थे। वह फिलहाल धर्मशाला जेल में सजा काट रहा है। पुलिस नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज कर रही है।

इसके बावजूद 19 से 25 साल के युवक इस धंधे में ज्यादा शामिल पाए जा रहे हैं। वर्ष 2024 में 7, 2025 में 8 और 2026 के केवल 4 महीनों में ही 10 मामले चिट्टे एवं चरस से जुड़े सामने आ चुके हैं। हाल ही में पुलिस ने 447 ग्राम और 394 ग्राम चरस की बड़ी खेप भी बरामद की थी।

Leave A Reply

Exit mobile version