हमीरपुर। सदर थाना पुलिस ने देह व्यापार के गोरखधंधे का भंडाफोड़ कर तीन महिलाओं (Women) का रेस्क्यू किया है। पुलिस (Police) ने भोटा के बैहण क्षेत्र में संचालित एक निजी होटल (Hotel) में दबिश दी है। रेस्क्यू की गई महिलाओं में एक महिला अमृतसर और दो तरनतारन जिले की बताई जा रही हैं।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में की गई है। उनको गुप्त सूत्रों से लंबे समय से होटल में अवैध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होते ही उन्होंने पुलिस टीम के साथ योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापा मारा। महिलाओं का मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां उनके बयान दर्ज किए गए। तीनों महिलाओं को आगे की सुरक्षा और काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर हमीरपुर में रखा गया है। रेस्क्यू की गई महिलाओं की उम्र 24, 29 और 30 साल बताई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह होटल लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों का केंद्र रहा है। कई बार पुलिस को शिकायतें भी दी गई थीं। छापेमारी के दौरान होटल संचालकों ने कथित रूप से पुलिस को गुमराह करने और मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी ने सख्त रुख अपनाया।

पुलिस जांच कर रही है कि इन महिलाओं को पंजाब से हमीरपुर स्थित होटल तक कौन लाया है। SP बलबीर सिंह ठाकुर ने कहा है कि केस की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave A Reply

Exit mobile version