ऊना। तिरंगा (National flag) फहराया तो सीएम (CM) सुक्खू के साथ कर खत्म देंगे। यह धमकी जिले के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक (MLA) राकेश कालिया को मिली है। इससे पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकी खालिस्तान समर्थक एवं स्वयं-भू संगठन सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दी है।

गुरपतवंत सिंह पन्नू ने विधायक राकेश कालिया को पुनः फोन पर धमकी दी है। उसने कहा है कि अगर प्रदेश में इस बार तिरंगा झंडा फहराया तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ खत्म कर दिए जाओगे। धमकी भरी कॉल के बाद विधायक ने गगरेट पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। इस पर पुलिस थाना अंब में भी मामला दर्ज है। पन्नू की धमकी के बाद कालिया की सुरक्षा को लेकर पुलिस भी समीक्षा करने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक वीरवार देर शाम विधायक जब अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे तो करीब 7 बजकर 48 मिनट पर उन्हें एक फोन काॅल आई। दूसरी तरफ से एक रिकॉर्ड संदेश चला। इसे भेजने वाले ने खुद को पन्नू बताया। उसने विधायक को धमकाया कि अगर प्रदेश में तिरंगा झंडा फहराया तो उन्हें और मुख्यमंत्री सुक्खू को खत्म कर दिया जाएगा। एएसपी संजीव भाटिया ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर गहनता से जांच कर रही है।

Leave A Reply

Exit mobile version