सोलन। बद्दी (Baddi) के धखनुमाजरा गांव में आठ वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला (Case) सामने आया है। पुलिस (Police) ने बच्ची की मां (Mother) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार (Arrest) किया है। मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में गला दबाए जाने और दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौ*त के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। जानकारी के मुताबिक बच्ची को उसका पिता अस्पताल लेकर पहुंचा था।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद बद्दी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आरोपी महिला की पहचान पूनम निवासी गांव नंदगांव उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। परिवार में दो बेटियां हैं और दीपिका बड़ी बेटी थी। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस उपअधीक्षक बद्दी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। उपपुलिस अधीक्षक ने जांच में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

महिला के मानसिक दबाव में होने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल उसकी मानसिक स्थिति को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम एम्स बिलासपुर में करवाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट से ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave A Reply

Exit mobile version