शिमला। कार (Car) में खाना खा रहे दो युवक (Youth) अचानक पहाड़ी पत्थर से गिरने से गंभीर घायल (Injured) हो गए हैं। हादसा शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में पेश आया है। यहां सड़क किनारे कार में बैठकर खाना खा रहे दो युवक अचानक पहाड़ी से गिरे भारी पत्थर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसा नेशनल हाईवे (NH)-707 पर नालू के पास हुआ है। जानकारी के अनुसार मनोज पुत्र चमन और सुनील पुत्र बलवीर, निवासी गांव बढ़ाल (जुब्बल) मारुति कार नंबर HP 10A-4625 में बैठे हुए थे। इसी दौरान पास में नंदपुर सड़क पर जेसीबी (JCB) मशीन से निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक ऊपर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर लुढ़कता हुआ आया और सीधे कार पर जा गिरा।

पत्थर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल रोहड़ू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद पुलिस (Police) ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Exit mobile version