शिमला। प्रदेश कैबिनेट की बैठक शनिवार दोपहर 12:00 बजे राज्य सचिवालय में होगी। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। मुख्यमंत्री के दिल्ली एम्स से लौटने के बाद यह पहली बैठक है। ऐसे में इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

सुक्खू सरकार शिक्षा के क्षेत्र में कई सुधार करने जा रही है। इसी कड़ी में एक कदम यह भी उठाया जा रहा है कि अब पहली कक्षा में छह साल आयु के बच्चे को ही प्रवेश दिया जाएगा। शिक्षा विभाग की रिव्यू मीटिंग में ये निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। यही नहीं, यह मामला कैबिनेट में लाने के लिए भी कहा है। मंत्रिमंडल की बैठक में जिला परिषद विवाद में उलझे ग्राम सेवकों को लेकर भी केस जा सकता है। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इसके संकेत दिए हैं।

वहीं उद्योग विभाग की तरफ से बल्क ड्रग पार्क के प्राइवेट पार्टनर को लेकर मामला रखा जा सकता है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली हाई पावर कमेटी ने इस ड्राफ्ट को मंजूर किया है। बल्क ड्रग पार्क में निजी पार्टनर से 1000 करोड़ का निवेश राज्य सरकार को चाहिए। इसके बदले पार्टनर को क्या ऑफर किया जाएगा? यह कैबिनेट ने तय करना है।

स्टोन क्रशर खोलने पर भी हो सकती है चर्चा

राज्य में दो माह से बंद ब्यास बेसिन के स्टोन क्रशरों को दोबारा खोलना है या नहीं। इसके बारे में भी कैबिनेट चर्चा हो सकती है।

Leave A Reply

Exit mobile version