धर्मशाला की बेटी दिव्या ज्योति हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) अधिकारी (Officer) बनी हैं। दिव्या ने 22 साल की आयु में पहले प्रयास में इतिहास रचा है। वह राजकीय महाविद्यालय (College) धर्मशाला की छात्रा रह चुकी हैं।

वर्तमान में वह उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में बतौर तहसीलदार प्रशिक्षण (Trainig) प्राप्त कर रही हैं। दिव्या के महाविद्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान प्राचार्य (Principal) प्रो. राकेश पठानिया, अंग्रेजी के विभाग अध्यक्ष डॉ. नरेश शर्मा सहित समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य ने कहा है कि दिव्या की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। अंग्रेजी के विभाग अध्यक्ष डॉ. नरेश शर्मा ने कहा कि दिव्या शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। पढ़ाई के दौरान उनका प्रदर्शन हमेशा उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्या की मेहनत, अनुशासन और लगन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

राजनीतिक विज्ञान विभाग के सह आचार्य प्रो. अश्वनी चौधरी और प्रो. संजय ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि दिव्या ने अपने लक्ष्य के प्रति जो समर्पण दिखाया, वह अनुकरणीय है। धर्मशाला के सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली दिव्या ज्योति कटोच वर्ष 2024 बैच की पासआउट छात्रा हैं। उन्होंने राजनीतिक विज्ञान विषय में स्नातक की पढ़ाई की और वर्ष 2025 में पहली ही कोशिश में HAS परीक्षा पास कर ली। दिव्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता भूपिंदर चंद कटोच, अनुपमा कटोच और अपने शिक्षकों को दिया है।

दिव्या ने कहा कि किसी भी परीक्षा में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के दिनों में समूह चर्चा और धर्मशाला में ली गई कोचिंग ने उनकी तैयारी को मजबूत बनाया। उन्होंने कहा कि यदि सही योजना और मेहनत के साथ आगे बढ़ा जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

Leave A Reply

Exit mobile version