मंडी। बॉलिंग और विकेटकीपिंग को लेकर हुई आपसी कहासुनी ने एक किशोर की जान ले ली (Death) है। मंडी जिले के निहरी पुलिस (Police) चौकी क्षेत्र में क्रिकेट खेल के दौरान हुए विवाद ने दर्दनाक मोड़ लिया है। इसमें 14 साल के किशोर की IGMC शिमला इलाज के दौरान मौत हो गई।

वारदात 1 अप्रैल को निहरी तहसील के दोघरी (धरोग) गांव में हुई थी। जानकारी के अनुसार बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान बॉलिंग और विकेटकीपिंग को लेकर आपसी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

विवाद बढ़ने पर एक नाबालिग आरोपी ने पास पड़े बैट से किशोर के सिर पर वार कर दिया। हमले के बाद पीड़ित मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल सुन्नी पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे IGMC शिमला रेफर किया गया।

वारदात के बाद पुलिस ने घायल किशोर के भाई के बयान के आधार पर 2 अप्रैल को केस दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 352 के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हमले में इस्तेमाल बैट बरामद कर लिया।

किशोर की मौत के बाद मामले में BNS की धारा 103 भी जोड़ दी गई है। मंडी के एसपी विनोद कुमार ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Exit mobile version