नीरज दीक्षित। नगरोटा बगवां
नगरोटा में विकास पुरुष जीएस बाली की जयंती के उपलक्ष्य पर 25 जुलाई को होने वाले बाल मेले के लिए कमेटियों का गठन कर दिया गया है। नगरोटा के ओबीसी भवन में बुधवार को बाल मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने की। उन्होंने कहा कि बाल मेला नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों का मेला है। इसमें सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस बार बच्चों के मनोरंजन के लिए ज्यादा इवेंट रखे जाएंगे। इसके लिए कमेटी के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार प्राकृतिक आपदा से शोकाकुल परिवारों के प्रति संवदेना के चलते सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। हालांकि अन्य सभी गतिविधियां पूर्व की भांति होंगी।
बाल मेले में इस बार रोजगार मेला आयोजित करने के लिए सरकार की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। एक वर्ष में दो बार रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में करीब सौ नामी कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें करीब एक हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वहीं इस बार मेगा मेडिकल निशुल्क चेक अप कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें अपोलो, मैक्स, मेदांता, पीजीआई, फोर्टिज, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान टेस्ट व दवाइयां निशुल्क दी जाएंगी। यही नहीं, आंखों के आपरेशन भी किए जाएंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मान सिंह, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुंता देवी, बीडीसी अध्यक्षा अंजना, दर्शन चंद वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अरुण कटोच महासचिव, कुलदीप धीमान सिटी अध्यक्ष, नीरज दुसेजा सिटी उपाध्यक्ष, प्रताप रियाड़ वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तिलक राज सदस्य, महासचिव नरेंद्र धीमान अजय सिपहिया, डॉ नरेश बिरमाणी वरिष्ठ सदस्य, संतोष कुमार, प्रधान अजय भनियारी, वरिष्ठ सदस्य रोशनलाल खन्ना, राजेंद्र मल्होत्रा, अशोक कुमार, मुकेश मेहता, कृष्णपाल गुप्ता, बीडीसी सदस्य संतोष कुमारी, प्रधान जोनू, पंचायत प्रधान अल्पना, भूतपूर्व बीडीसी मीनाक्षी धीमान, बलदेव चौधरी, सोनू कटोच, स्वरूप चौहान, रंजीत, भीम सिंह, एमआर मंगलेश, पूर्व प्रधान कांता पठानिया और विभिन्न पंचायतों के प्रधान, सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।