चंबा। जिला चंबा के तीसा उपमंडल की सनवाल पंचायत में एक चौकाने वाला मामला (Case) सामने आया है। यहां एक वैंडर से ₹ 1 करोड़ 53 लाख 55 हजार रुपए के सामान का ढुलान करवाया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस वैंडर के पास एक ही खच्चर है।
इस वैंडर के खाते में उक्त राशि डाली गई है। यह वैंडर अभी भी बीपीएल सूची में शामिल है। सरकारी खाते से वैंडर को ढुलान के लिए पैसे दिए गए। इसके बाद में ये पैसे पंचायत प्रतिनिधियों और उनके रिश्तेदारों के खातों में चैक और अन्य माध्यमों से डाले गए।
तीसा पुलिस को सनवाल पंचायत में वैंडरों की आड़ में करोड़ों की धांधली की शिकायत प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी छानबीन आगे बढ़ाई तो ये खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है कि वैंडर ने इतनी बड़ी राशि प्रतिनिधियों के खाते में क्यों भेजी?
पंचायत में सामग्री ढुलान के लिए लिए वैंडर लगाए जाते हैं। इसके लिए सनवाल में खच्चर का वैंडर लगाया गया था। वैंडर के कई कार्यों में ढुलान के बिल लगाए गए, जिसके लिए सरकारी खाते से वैंडर को भारी-भरकम राशि दी गई।