बिलासपुर। झंडूता की ग्राम पंचायत डाहड के बेटे अरुण कुमार संख्यान ने दूसरी बार हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा (HAS) की परीक्षा पास की है। अरुण ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त कर तहसीलदार पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

खास बात यह है कि इससे पहले भी वह हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2024 में चयनित हो चुके हैं। वह वर्तमान में राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।

अरुण कुमार संख्यान पुत्र ठाकुर दास शर्मा एवं श्रीमती कांता देवी ग्राम पंचायत डाहड तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के निवासी हैं। उनके पिता एक सेवानिवृत्त जेबीटी अध्यापक हैं, वहीं माता गृहिणी हैं। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अरुण ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन से यह मुकाम हासिल किया है।

अरुण ने प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाहड से हुई है। उन्होंने हिमाचल विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है। वर्ष 2021 में अरुण ने हिमाचल प्रदेश अलाइड परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑडिट इंस्पेक्टर के पद पर चयन प्राप्त किया।

इसके बाद उन्होंने वर्ष 2023 में पहले ही प्रयास में नायब तहसीलदार की परीक्षा उत्तीर्ण की । इसके उपरांत वे हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2024 में रजिस्ट्रार के लिए चयनित हुए।

अब वर्ष 2025 में पुनः चयनित होकर तहसीलदार पद तक पहुंचना उनकी निरंतर प्रगति और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बहनों और धर्मपत्नी स्वेता शर्मा को दिया है।

Leave A Reply

Exit mobile version