ऊना। जिले के हरोली क्षेत्र के सिंगा गांव में एक अनोखा मामला (Case) सामने आया है। इसे धोखा (fraud) कहें या कुछ ओर। दरअसल यहां मंगलवार सुबह कुटलैहड़ क्षेत्र के नारी गांव से बारात आई। सिंगावासी बारात की गाड़ियां आती देख सोच में पड़ गए। उन्होंने बारातियों से पूछा कि आपको कहां जाना है।
उन्होंने कहा कि वे यहां दुल्हन लेने आए हैं। बारातियों ने पूछा कि शादी वाला घर कौन सा है। सिंगावासियों ने कहा कि यहां कोई शादी नहीं है। यह सुनकर बाराती सन्न रह गए। उन्होंने ग्रामीणों को दुल्हन की फोटो दिखाई। फोटो देखकर ग्रामीणों ने कहा कि यह लड़की उनके गांव की नहीं है। यह सुनकर बाराती हक्के-बक्के रह गए। शादी की बिचौलिया नारी गांव की महिला मनु पत्नी राजीव भी गाड़ी से उतरी और दावा करने लगी कि शादी इसी गांव में है।
मैं लड़की के घर का पता करके आती हूं। यह कह कर वह अपने पति के साथ गाड़ी में बैठकर वहां से चली गई। महिला कुछ देर तक नहीं आई तो ग्रामीणों और बारातियों को शक हुआ। जब महिला को फोन किया गया तो उसने कहा कि लड़की ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। वह पंजाब के नवांशहर अस्पताल जा रही है।
इस पर सबका शक और गहरा गया। कुछ लोग महिला का पीछा कर उसे घेर कर वापस गांव ले आए। बारातियों और महिला के बीच विवाद गहराता देख मौके पर पंचायत के प्रतिनिधि और पुलिस कर्मी पहुंचे। दोनों पक्षों को पंचायत घर लेकर जाया गया। इस मामले में डीएसपी हरोली मोहन रावत ने कहा कि पुलिस पूरे केस की जानकारी जुटा रही है। इसके बाद ही कुछ कहना उचित रहेगा।