नाहन। तीन मंजिला मकान (House) गिरने से मां (Mother)-बेटी की मौत (Death) और दो बच्चियां घायल (Injured) हो गई हैं। यह दर्दनाक हादसा (Accident) सिरमौर जिले के राजगढ़ की ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियाधार में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पेश आया। स्थानीय निवासी भीम सिंह का तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद उनकी पत्नी, मायके आई विवाहित बेटी और दो मासूम बच्चियां मलबे में दब गईं। हादसे में भीम सिंह की पत्नी और उनकी विवाहित बेटी की मौत हो गई। वहीं दो डेढ़-डेढ़ वर्षीय बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद सोलन रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे। मकान के अचानक गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। युवाओं ने मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया।
सिविल अस्पताल राजगढ़ में चिकित्सकों ने निर्मला पत्नी भीम सिंह (60) और पूजा पत्नी अमित राणा (32) को मृत घोषित कर दिया। पूजा अपने मायके में आई हुई थीं। हादसे में दोनों मासूम बच्चियां भी गंभीर रूप से घायल हुईं। डेढ़ वर्षीय ईरा की हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सोलन रेफर किया गया, जबकि डेढ़ साल की ही अबियाना का उपचार जारी है। हादसे के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों की जान भी बाल-बाल बची। मृतक पूजा की सास और बहू हादसे से महज दो मिनट पहले किसी कार्य से मकान से बाहर आई थीं, जिसके चलते वह मलबे की चपेट में आने से बच गईं। मकान मालिक भीम सिंह भी उस समय घर से बाहर गए हुए थे। यदि वह उस समय घर के अंदर होते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि उन्होंने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी और हादसे के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत प्रदान की गई। तहसीलदार राजेंद्र शर्मा ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत दी। सोलन रेफर की गई घायल बच्ची के उपचार के लिए 5 हजार रुपये की सहायता दी गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे छिछड़ियाधार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हादसे ने पीड़ित परिवार को कभी न भूलने वाला गम दिया है।

Leave A Reply

Exit mobile version