शिमला। जिला पुलिस ने 9 ग्राम चिट्टे के साथ तीन युवक (Youth) गिरफ्तार (Arrest) किए हैं। कुमारसैन में पुलिस (Police) ने नशा तस्करी के आरोपी दबाचे हैं।

शिमला जिले पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर बारूबाग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 9 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम उपमंडल रामपुर के अंतर्गत NH-05 पर गश्त एवं निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सवार युवकों के कब्जे से 9 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार (33) निवासी गांव धलियार डाकघर कलर तहसील सदर जिला बिलासपुर, रोहित चौहान (31) निवासी गांव बठारा, डाकघर शाहधर, तहसील रामपुर जिला शिमला और तुषार वर्मा (25) निवासी गांव नवारू, डाकघर बौंदा, तहसील रामपुर जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस थाना कुमारसैन में आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 32/2026 के तहत धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नशा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

Leave A Reply

Exit mobile version