शिमला। रिवर्स करते समय कार (Car) के खाई में गिरने से पिता-पुत्री (Father-Daughter) की मौत (Death) हो गई है।
यह दर्दनाक हादसा (Accident) शिमला जिले के नेरवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह पेश आया है।

परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा बावी कैंची के पास सुबह करीब छह बजे हुआ। पुलिस के अनुसार खोकाह गांव निवासी लोकिंदर धनाइक अपनी पत्नी, बेटे और 12 साल के बेटी टिया के साथ नेरवा आ रहे थे।

परिवार के सदस्य रास्ते में वाहन मोड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान लोकिंदर धनाइक अपनी बेटी टिया के साथ कार में बैठे हुए ऊपरी मोड़ से वाहन को रिवर्स कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बेटा नीचे वाले मोड़ पर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

हादसा इतना भयानक था कि लोकिंदर धनाइक (42) और उनकी बेटी टिया (12) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार खोकाह गांव निवासी 19 साल का पृथुल धनाइक उस समय बावी कैंची में बस का इंतजार कर रहा था। उसने कार को रिवर्स करते हुए नियंत्रण खोते और खाई में गिरते देखा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन को पीछे करते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इससे वाहन खाई में गिर गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक नेतार सिंह कर रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने खाई में उतरकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि पिता और बेटी को बचाने का कोई मौका नहीं मिल पाया। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने कहा है कि पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में केस दर्ज कर कारणों की जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Exit mobile version