मनाली। सोलंग घाटी से आगे फर्स्ट स्नो गैलरी के पास स्कॉर्पियो के खाई में गिरने से पांच पर्यटक (Tourist) घायल (Injured) हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक स्कॉर्पियो (UP 87 M 6966) से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन सड़क से करीब 60 फुट नीचे खाई में गिर गया।
वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और दो युवतियां शामिल हैं। इनमें तीन युवक (Youth) और एक युवती उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। वहीं एक युवती दिल्ली की रहने वाली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
सभी घायलों को सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में पुलिस थाना मनाली में मामला (Case) दर्ज कर जांच की जा रही है।

