चंबा जिले के चुराह उपमंडल में वाहन चालक (Driver) की हत्या (Murder) कर आरोपियों ने शव (Dead body) को नाले में फेंका था। मृतक की शिनाख्त हरविंद्र सिंह पुत्र ऋषि गांव राख त्त्मलोगा डाकघर कल्हेल तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई है।
मृतक भंजराडू में कारोबारी के पास चालक के तौर पर काम करता था। पुलिस (Police) ने मृतक के भंजराडू स्थित कमरे को भी सील कर दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ग्रामीणों ने कल्हेल नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पाते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसी बीच मृतक की सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही परिजन भी ग्रामीणों संग घटनास्थल पर पहुंच गए।
उन्होंने हरविंद्र सिंह की मौत को सीधे तौर पर सुनियोजित तरीके से हत्या करार देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए तीसा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। तीसा पुलिस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालते हुए परिजनों को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि शनिवार शाम मृतक हरविंद्र अपने भंजराडू स्थित क्वार्टर में मौजूद था। ऐसे में 26 किलोमीटर दूर हरविंद्र का शव मिलने से जाहिर था कि वारदात को एक सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में इस हत्या मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने कहा कि पुलिस वारदात में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।

