बिलासपुर। जिले में पहली बार एलएसडी (LSD) ड्रग की बरामदगी का केस (Case) प्रकाश में आया है। बिलासपुर पुलिस (Police) की स्पेशल डिटेक्शन टीम (Team) ने पट्टा फोरलेन पर नाकेबंदी और वाहनों की जांच के दौरान शिमला जिले के ठियोग निवासी विक्रांत से LSD की 51 स्टाम्प साइज स्ट्रिप्स बरामद कीं।
इनका कुल वजन 0.55 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने सप्लाई चेन से जुड़े उत्तर प्रदेश के शामली निवासी आदर्श चौधरी को भी देहरादून से गिरफ्तार (Arrest) किया है।
पुलिस ने इस मामले में पुलिस थाना सदर बिलासपुर में NDPS एक्ट की धारा 22 के तहत केस दर्ज किया है। शुरुआती कार्रवाई के बाद विक्रांत को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच की गई, जिसके आधार पर पुलिस को आदर्श चौधरी की कथित संलिप्तता के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि LSD कहां से खरीदी गई थी और इसे बिलासपुर तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका रही। जांच के तहत आरोपियों से पूछताछ के साथ डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान का कहना है कि नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।

