नूरपुर पुलिस (Police) ने लकड़ी से लदे सात वाहन कब्जे में लिए हैं । सीआईए (CIA) टीम (Team) ने बडूखर-रियाली क्षेत्र में यह कार्रवाई (Action) की है। पुलिस ने सात जीपें और एक ट्रक को कब्जे में लिया है। बताया जा रहा है कि ये वाहन पंजाब की ओर जा रहे थे। कार्रवाई के बाद लंबे समय से चल रहे कथित अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार जंगलों में अवैध कटान और लकड़ी की तस्करी का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस संबंध में चिंता जताई गई, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से जंगलों पर लगातार कुल्हाड़ी चलती रही।सीआईए टीम की कार्रवाई के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि यदि लंबे समय से जंगलों में अवैध कटान और लकड़ी की आवाजाही जारी थी तो वन विभाग की निगरानी व्यवस्था आखिर कहां थी?

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाते तो जंगलों की इस तरह लूट नहीं होती। पुलिस जिला नूरपुर के एसपी (SP) कुलभूषण वर्मा ने कहा कि शुक्रवार सुबह सीआईए नूरपुर की टीम ने नाका लगाया था। इस दौरान सात जीपें और एक ट्रक पंजाब की ओर जाते हुए पाए गए। जब वाहन चालकों से लकड़ी संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वे वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। कुछ वाहन वन परिक्षेत्र ज्वाली के पट्टा जाटियां, फतेहपुर रिंग और टकबाल क्षेत्र से और कुछ वाहन रैहन के सकरी क्षेत्र से संबंधित हैं।

वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध थाना फतेहपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला (Case) दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह कथित गोरखधंधा कब से चल रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version