कांगड़ा। जिले के लंबागांव क्षेत्र में एक महिला ₹ 22 लाख के गहने लेकर फरार हो गई है। आरोपी को नानी और मामी के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी करने के लिए गिरफ्तार (Arrest) किया गया है।

आरोप है कि महिला (Wonan) ने बेहद चालाकी से दो अलग-अलग मौकों पर करीब 22 लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। इतना ही नहीं, लंबे समय तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। जानकारी के अनुसार मामला पुलिस थाना लंबागांव के तहत आने वाले गांव सोल बनेहड़ का है।

आरोपी महिला पिछले तीन महीनों के दौरान दो बार अपनी नानी के घर आई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि पहली बार महिला ने अपनी नानी के गहनों पर हाथ साफ किया। वहीं दूसरी बार उसने अपनी मामी के जेवर चोरी कर लिए। परिवार को इस बात का अंदाजा तक नहीं हुआ कि घर में मौजूद गहने धीरे-धीरे गायब हो रहे हैं।

वारदात का खुलासा उस समय हुआ, जब 2 मई को सास और बहू किसी पारिवारिक समारोह में जाने के लिए तैयार हो रही थीं। इसी दौरान उन्होंने अलमारी में रखे गहने निकालने चाहे, लेकिन वे अपनी जगह पर नहीं मिले। पूरे घर में तलाश की गई तो लाखों रुपये के गहने गायब पाए गए। करीब 22 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

परिजनों ने जब आपस में बातचीत कर घटनाक्रम को जोड़ना शुरू किया तो शक परिवार की दोहती पर गया। इसके बाद परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों से मिली सूचनाओं और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को दूसरे प्रदेश से पकड़ा और लंबागांव थाना लाई।

पुलिस पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हरियाणा से एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि चोरी किए गए गहनों को ठिकाने लगाने में उसकी भूमिका हो सकती है। पुलिस पूरे नेटवर्क और चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर जांच में जुटी हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को जयसिंहपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी किए गए गहनों का कितना हिस्सा बरामद हुआ है और वारदात में किन-किन लोगों ने आरोपी की मदद की।

Leave A Reply

Exit mobile version