राकेश सोनी। नादौन
तीन दिवसीय एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ नादौन के रामलीला ग्राउंड में शुक्रवार को पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने किया। यह चैंपियनशिप पर्यटन विभाग द्वारा जिला प्रशासन और द इंडियन राफ्टिंग फेडरेशन के सहयोग से करवाई जा रही है।

इसमें नेपाल, भूटान और कजाकिस्तान के अलावा देश के विभिन्न राज्यों, थल सेना, अर्द्धसैनिक बलों व हिमाचल की टीमों समेत करीब 24 टीमें भाग ले रही हैं। आरएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही यह प्रतियोगिता नादौन और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन एवं साहसिक खेलों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में बहुत बड़ी भूमिका अदा करेगी।

मुख्यमंत्री ने उन्हें पर्यटन क्षेत्र की बहुत बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस क्षेत्र में अपार संभावनाओं के उचित दोहन के लिए एडीबी की मदद से करीब 2500 करोड़ रुपये की एक व्यापक परियोजना को क्लीयरेंस मिली है। एक वर्ष में इस परियोजना के नतीजे दिखने शुरू हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को स्वावलंबी एवं सबसे समृद्ध राज्य बनाने में पर्यटन उद्योग बहुत बड़ा योगदान दे सकता है। मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा और इसके साथ लगते क्षेत्रों को पर्यटन राजधानी की दृष्टि से विकसित करने की घोषणा की है। इससे नादौन क्षेत्र को भी बहुत लाभ होगा।

Leave A Reply

Exit mobile version