एएम नाथ। चंबा
हमारी समृद्ध लोक परंपराएं प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह बात राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कही। उन्होंने कहा कि इन्हें भावी पीढ़ी के लिए संरक्षित करने के साथ-साथ समाज में फैल रहे अवैध नशे के कारोबार पर भी जारुकता बढ़ाने की जरूरत है।
राज्यपाल ऐतिहासिक मिंजर मेले के शुभारंभ मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने प्रदेशवासियों को महोत्सव की बधाई दी। उन्होंने कहा कि चंबा जिला अपनी नैसर्गिक सुंदरता और समृद्ध लोक संस्कृति के लिए विश्व प्रसिद्व है। यहां संस्कृति और परंपराओं को मेलों के माध्यम से संरक्षण देकर भाईचारे व बंधुत्व को बढ़ावा दिया जाता है। मिंजर मेले में यहां की परंपराओं, मान्यताओं और आस्थाओं का गहरा नाता रहा है।
उन्होंने प्रदेश में भारी बारिश से हुए जान-माल के नुकसान पर चिंता व्यक्त की। जिले में भी काफी नुकसान हुआ है। जिस तत्परता से सरकार, प्रशासन, पुलिस बल और केंद्रीय मदद मिली है, उससे स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से भेंट कर स्थिति से अवगत करवाया है। उन्होंने केंद्र का फौरी राहत के तौर पर करीब साढ़े तीन सौ करोड़ की राहत राशि जारी करने के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विभिन्न गैर सरकारी संगठनों से आग्रह किया कि उन्हें इस आपदा के समय में मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों से कहा कि वे सौहार्द को बनाए रखें। राज्यपाल ने प्रदेश में बढ़ते नशे पर भी चिंता जताई।
इससे पूर्व राज्यपाल ने जिले के पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार गीत के बीच ध्वजारोहण कर मिंजर मेले का उद्घाटन किया। वह चंबा के प्राचीन लक्ष्मी-नारायण मंदिर गए और मिंजर भेंट कर माता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कला व शिल्प मेले और सरकारी विभागों की सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाली प्रदर्शनियों का आगाज भी किया।
राज्यपाल ने मिंजर मेला खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की घोषणा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने राज्यपाल को सम्मानित किया।
उपायुक्त एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगण ने आयोजन समिति की ओर से राज्यपाल को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आठ दिवसीय इस मेले में चंबा जिले सहित प्रदेश के अन्य जिलों के कलाकारों को भी अपनी प्रस्तुतियां देने का मौका मिलेगा।
नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर ने राज्यपाल को मिंजर भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त की धर्मपत्नी श्वेता देवगन ने लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल को सम्मानित किया।
उपायुक्त ने विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैयर एवं डीएस ठाकुर और पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी को भी सम्मानित किया।
इस दौरान राज्यपाल के सचिव संदीप कदम, नगर परिषद के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।