चंबा जिले के चुराह में हुए बस हादसे (Accident) में मृतकों की संख्या आठ हो गई है। एक और घायल महिला ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में दम तोड़ दिया है। जिले में देवीकोठी-बैरागढ़ मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक बस हादसे में घायल (Injured) एक और महिला की मौत (Death) हो गई है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल धर्मों देवी पत्नी जस्सा राम निवासी घुलेई तहसील चुराह जिला चंबा ने राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
देवीकोठी से चंबा आ रही निजी बस शनिवार को चलूंज मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में चालक और परिचालक समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 11 लोग घायल हुए थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल तीसा से मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया था। इनमें से तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा रेफर किया गया था, जिनमें धर्मों देवी भी शामिल थीं।
टांडा में धर्मों देवी की हालत गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों ने उनके ऑपरेशन की तैयारी की थी और स्वजनों को ब्लड की जरूरत पड़ने की जानकारी देते हुए पहले से व्यवस्था करने को कहा था। परिजनों ने ब्लड का इंतजाम भी कर लिया था और ऑपरेशन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। लेकिन ऑपरेशन से पहले ही धर्मों देवी ने दम तोड़ दिया।
धर्मों देवी के परिजन उनके स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे। परिवार के सदस्य उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया। स्वजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधीक्षक (SP) चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि बस हादसे में घायल एक महिला (Woman) की टांडा अस्पताल (Hospital) में मौत हो गई है।

