बिलासपुर। जिला पुलिस (Police) ने 14.1 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में मुख्य सरगना गिरफ्तार (Arrest) कर लिया है। चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस ने 14.1 ग्राम चिट्टा और ₹15,670 नकदी बरामदगी मामले में अब तीसरे आरोपी को पकड़ा है।

इसे क्षेत्र में चिट्टे नशे के मुख्य सप्लायरों में एक बताया जा रहा है। पुलिस ने गत दिवस गुप्त सूचना के आधार पर एक घर पर छापेमारी कर 14.1 ग्राम चिट्टा और ₹ 15,670 नकद बरामद किए थे। इस मामले में पहले अश्वनी कुमार पुत्र निवासी गांव बडडू तहसील घुमारवीं और राकेश कुमार निवासी बड़ी मजहेड़वां तहसील घुमारवीं को गिरफ्तार किया गया था।

जांच के दौरान तीसरे आरोपी प्रशांत धर्माणी निवासी गांव बाड़ी करंगोड़ा का नाम सामने आया, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि प्रशांत धर्माणी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई मामले दर्ज हैं। वह पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 3 से 4 महीने जेल में रहकर लगभग 20 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। मामले में गिरफ्तार तीनों युवकों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। डीएसपी विशाल वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।

Leave A Reply

Exit mobile version