शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने बीए (BA) फाइनल (Final) ईयर (Year) का रिजल्ट आउट कर दिया है। मैरिट सूची में 7 लड़कियां और 5 लड़के शामिल हैं। बीए अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम (Result) 95.59 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में कुल 13,712 विद्यार्थी (Students) बैठे थे। इनमें से 11817 विद्यार्थी पास हुए है। पास प्रतिशतता में कंपार्टमट के मामले भी शामिल हैं। यह परीक्षा परिणाम रिकॉर्ड एक महिने के अंदर घोषित किया गया है।
बीए की मैरिट सूची में जीबी पंत मैमोरियल राजकीय डिग्री कॉलेज रामपुर बुशहर की छात्रा नमिता ने 9.33 सीजीपीए प्राप्त कर प्रदेश टॉप किया है। सिद्धार्थ राजकीय डिग्री कॉलेज नादौन के लेखराज ने 9.01 सीजीपीए प्राप्त कर दूसरा, स्वामी विवेकानंद राजकीय डिग्री कॉलेज घुमारवीं की रितिका ने 8.98 सीजीपीए प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है। ढलियारा कॉलेज के शिवानंद ने 8.98 सीजीपीए प्राप्त का चौथा, संजौली कॉलेज शिमला की तमन्ना ने 8.95 सीजीपीए प्राप्त कर 5वां स्थान हासिल किया।
डिग्री कॉलेज नाहन के सत्यम ने 8.88 सीजीपीए प्राप्त कर 6वां स्थान, पंडित संत राम राजकीय डिग्री कॉलेज बैजनाथ की प्रियंका ने 8.86 सीजीपीए प्राप्त कर 7वां, राजा वीरभद्र सिंह राजकीय कॉलेज सीमा की अदिति ने 8.85 सीजीपीए प्राप्त कर 8वां, डिग्री कॉलेज धर्मशाला की सोनिया थापा ने 8.76 सीजीपीए प्राप्त कर 9वां स्थान हासिल किया। 10वें स्थान पर 3 विद्यार्थी रहे।
राजा वीरभद्र सिंह राजकीय कॉलेज सीमा के निशांत, राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर की अर्पिता व डिग्री कॉलेज चम्बा के रोहित कुमार ने 8.75 सीजीपीए प्राप्त कर प्रदेश भर में 10वां स्थान हासिल किया। परीक्षा अप्रैल और मई माह में हुई थी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि बीए अंतिम वर्ष की परीक्षा में बैठे उम्मीदवार अपने लॉग इन आईडी से रिजल्ट देख सकते हैं।

