कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दु:खद हादसा (Accident) पेश आया है। यहां चल रहे हवन के दौरान एक श्रद्धालु का संतुलन बिगड़ गया। इससे वह धधकते हवन कुंड में जा गिरा। इससे मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और सेवादारों में अफरा-तफरी मच गई।
श्रद्धालु की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी नितिन के रूप में हुई है। वह अपने परिजनों के साथ मां बगलामुखी मंदिर में आयोजित एक विशेष हवन में हिस्सा लेने आया था। मंदिर परिसर में हवन की प्रक्रिया चल रही थी और नितिन भी इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल था। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया।
जैसे ही नितिन हवन कुंड में गिरा, आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए उसे बाहर खींचने का प्रयास शुरू कर दिया। वहां उपस्थित श्रद्धालुओं, सेवादारों और पुजारियों की तत्परता से उसे तुरंत आग और दहकते कोयलों के बीच से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में नितिन के हाथ, बाजू, छाती और चेहरे का कुछ हिस्सा गंभीर रूप से झुलस (Scorched) गया है। उसे तुरंत देहरा के सिविल अस्पताल (Hospital) पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस (Police) और मंदिर प्रशासन भी हरकत में आ गया। अस्पताल के डॉक्टरों (Doctors) के अनुसार पीड़ित का इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया है। आग की लपटों से झुलसने के कारण उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
मां बगलामुखी मंदिर में हर रोज सैकड़ों की संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु मन्नतें मांगने और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। इस हादसे के बाद मंदिर प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

