चंबा। पुलिस थाना चंबा के तहत लाहड़ी में एक युवती ने अपने 3 पड़ोसियों के खिलाफ घर (House) में घुसकर डंडे से मारपीट करने का केस (Case) दर्ज करवाया है। पुलिस (Police) ने शिकायत के आधार केस की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता आंचल ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी मां के साथ घर पर थी तो लाहड़ी का ही सुरेंद्र कुमार हाथ में डंडा लेकर उनके घर आया और उनके बंधे हुए पालतू कुत्ते को पीटने लगा। उन्होंने जब इसके बारे में पूछा तो उसने कहा कि उनके कुत्ते ने उसका जूता उठा लिया था। जब आंचल और उनकी मां ने उसे कुत्ते को मारने से रोका तो उसने उनको ही डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान सुरेंद्र के साथ 2 अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस ने शिकायत के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 333, 115 (2), 3(5) एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत पुलिस थाना सदर में केस दर्ज किया है। मामले की पुष्टि एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है।

