केलांग। जीप (Jeep) पर चट्टानें गिरने से छह माह के बच्चे समेत 13 की मौत (Death) हो गई है। यह दर्दनाक सड़क (Road) हादसा (Accident) लाहौल-स्पीति जिले के संसारीनाला-किलाड़-थिरोट-तांदी मार्ग पर लोहनी/कडू नाला के पास हुआ है। हादसे से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक पहाड़ी से अचानक चट्टानें गिरने से टाटा सूमो (एचपी-01एम-2210) दब गई।हादसे में वाहन में सवार चालक सहित 13 लोगों की मौत हो गई।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने बताया कि जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (DPCR) केलांग पटवारी तिंदी और सीमा सड़क संगठन (BRO) से प्राप्त सूचना के अनुसार हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, BRO तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। वहीं BRO की टीमें लगातार मलबा हटाने और खोज एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
उपायुक्त ने बताया कि अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में चालक सहित कुल 13 लोग सवार थे। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और आधिकारिक पुष्टि के बाद विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि घटना से संबंधित किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
अब तक जिन मृतकों की शिनाख्त हुई है, उनमें बीर सिंह पुत्र सूरम चंद, निवासी घिसाल, डाकघर साच, तहसील पांगी, जिला चंबा
बीर सिंह पुत्र लाल चंद, निवासी शून, डाकघर उदयपुर, तहसील पांगी
बुधी सिंह पुत्र सवाल दास, डाकघर साच
कमला कुमारी पत्नी बुधी सिंह, डाकघर साच
अनिल कुमार पुत्र हरि कृष्ण, डाकघर साच
रेखा पुत्री महेंद्र कुमार, निवासी हिलोल, डाकघर शाली, तहसील पांगी (24)
सौरभ सिंह पुत्र बीर सिंह, निवासी हासिल, साच, पांगी
अंजना पुत्री चैन सिंह, निवासी सत्ती, पांगी
सोमन आंगमो पत्नी छेरिंग दोर्जे, निवासी छलिंग, डाकघर उदयपुर
आरू पुत्र छेरिंग दोर्जे, निवासी छलिंग, डाकघर उदयपुर (6 माह)
संजय कुमार पुत्र मोहन लाल, निवासी कुमार
हंस राज, निवासी धारवास शामिल हैं।
यह हादसा हाल के वर्षों में लाहौल-स्पीति क्षेत्र की सबसे दर्दनाक सड़क दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। सीएम सुक्खू ने भी इस हादसे पर गहरा शोक प्रकट कर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

