कुल्लू। जिले में जलशक्ति विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (JE) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (Death) हो गई है। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या (Murder) का मामला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस (Police) ने हत्या का मामला (Case) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की शिनाख्त कुल्लू के खौला निवासी लाभ सिंह गुलेरिया के रूप में हुई है। उनकी पत्नी कांता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को लाभ सिंह रोजाना की तरह ड्यूटी पर गए थे। देर रात करीब 11 बजे उन्होंने फोन कर बताया कि पिरड़ी पुल के पास कोई दुर्घटना हुई है और वह जल्द घर पहुंच रहे हैं। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और वह घर नहीं पहुंचे।

रातभर घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांधीनगर स्थित रोटरी आई अस्पताल के पास उनकी स्कूटी सुरक्षित खड़ी मिली। आसपास तलाश करने पर कार्यालय से करीब 50 मीटर दूर एक सब्जी के खोखे के पास लाभ सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले गए। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि कार्यालय से घर लौटते समय अज्ञात लोगों ने लाभ सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके कारण उनकी मौत हुई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा है कि जेई लाभ सिंह गुलेरिया की मौत के मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave A Reply

Exit mobile version