कुल्लू। जिले की नगर पंचायत भुंतर के वार्ड-3 की होनहार छात्रा इशिता सूद ने एमए (MA) इंग्लिश (English) में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड (Gold) मेडल हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे भुंतर क्षेत्र सहित कुल्लू जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, शिक्षकों व क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
हाल ही में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने इशिता सूद को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा की सराहना की। इशिता ने अपनी सफलता से न केवल अपने माता-पिता का सपना साकार किया है, बल्कि भुंतर और पूरे कुल्लू जिले का नाम भी रोशन किया है। उनके पिता मनोज सूद और माता अंबिका सूद ने बेटी की उपलब्धि को परिवार के लिए यादगार पल बताया।
पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही ईशिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ओएलएस स्कूल से प्राप्त की तथा वहीं से मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने भारत भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल से जमा दो की शिक्षा अच्छे अंकों के साथ पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने कुल्लू कॉलेज से बीए की डिग्री हासिल की और बाद में मंडी स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय से एमए इंग्लिश में प्रवेश लिया।
लगातार मेहनत और समर्पण के दम पर इशिता ने जुलाई, 2025 में नेट परीक्षा उत्तीर्ण की और मार्च, 2026 में आयोजित गेट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-730 हासिल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया। अब एमए इंग्लिश में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने शिक्षा जगत में एक नई पहचान बनाई है। क्षेत्र के शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने इशिता को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।

