कांगड़ा। जिले की सुगनाड़ा पंचायत में बेहद दुःखद (Sad) हादसा (Accident) पेश आया है। इससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि सुगनाड़ा पंचायत में अढ़ाई वर्ष के बच्चे मानविक की मौत (Death) गले में बादाम फंसने से हो गई है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पेश आया है।
उक्त बच्चे ने खेलते-खेलते रसोईघर में रखी बादाम की कटोरी से एक बादाम उठाकर निगल लिया। बादाम उसके गले में फंस गया। इससे वह बेहोश हो गया। मां नेहा जब बच्चे के पास पहुंचीं तो चीख-पुकार मच गई। बच्चे को परिजन तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरोटा सूरियां लेकर पहुंचे, लेकिन वहां ईएनटी डॉक्टर मौजूद नहीं था।
अस्पताल प्रशासन ने बच्चे को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया। बच्चे के दादा संतोख सिंह, जो रिटायर अध्यापक हैं, ने कहा कि उन्हें एंबुलेंस करीब एक घंटे बाद मिली। वे जब बच्चे को लेकर टांडा पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने कहा है कि अगर सीएचसी में ईएनटी विशेषज्ञ होता या समय पर एंबुलेंस मिलती तो शायद बच्चा को बचाया जा सकता था। सीएमओ कांगड़ा राजेश गुलेरी ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। बच्चा माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मां गृहिणी और पिता मनदीप सिंह दिहाड़ी मजदूर हैं।