शाहपुर (Shahpur) के वार्ड-6 से समाजसेवी (Social Worker) नितिन कौशल ने दावेदारी ठोकी है। प्रदेश में नगर निकाय चुनावों को लेकर रोस्टर जारी होने के साथ ही नगर पंचायत शाहपुर में चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है।

रोस्टर के अनुसार इस बार शाहपुर के वार्ड नंबर 6 की सीट ओपन (Open) घोषित की गई है। नितिन कौशल नगर पंचायत शाहपुर की पूर्व उपाध्यक्ष किरण कौशल के बेटे हैं। उनकी दावेदारी से वार्ड नंबर 6 मुकाबला दिलचस्प होगा। सीट के सामान्य होने के बाद नितिन कौशल ने अपनी मां की राजनीतिक विरासत और विकास कार्यों के दम पर जनता के बीच जाने का मन बनाया है।

नितिन कौशल ने कहा कि वह विकास की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। वार्ड नंबर 6 की जनता के साथ उनका और उनके परिवार का गहरा और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपनी माता एवं पूर्व उपाध्यक्ष किरण कौशल के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि पिछले वर्षों में वार्ड में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

नितिन कौशल ने कहा कि उनकी माता ने वार्ड की बुनियादी समस्याओं को दूर करने और क्षेत्र को सुंदर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। वह उसी विकास रथ को आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। ​नितिन कौशल ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य वार्ड नंबर 6 को नगर पंचायत का एक आदर्श वार्ड बनाना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का मौके पर निपटारा और विकास कार्यों की निरंतरता ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।

माता किरण कौशल के अनुभव और जनता के बीच उनकी साफ-सुथरी छवि का लाभ नितिन को मिल सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि विकास के इस दावे को जनता का कितना समर्थन मिलता है, लेकिन फिलहाल नितिन कौशल की दावेदारी ने शाहपुर की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।

Leave A Reply

Exit mobile version