कांगड़ा। जिले के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के पटियालकड़ गांव के पायलट (Pilot) नमन सयाल (34) शहीद हो गए हैं। उन्होंने दुबई एयर शो (Air Show) में भारतीय (Indian) वायुसेना (Airforce) के तेजस विमान के क्रैश में शहादत पाई है। दुबई एयर शो में शुक्रवार को एक अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान क्रैश हुआ है।

नमन सयाल नगरोटा बगवां विधानसभा की पटियालकड़ पंचायत के वार्ड नंबर 7 के निवासी थे। पायलट नमन सयाल की शहादत की खबर से सारे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। नमन के पिता जगन नाथ भी भारतीय सेना में अधिकारी रहे हैं। वह बाद में प्रदेश शिक्षा विभाग से बतौर प्रिंसिपल रिटायर्ड हुए हैं।

नमन सयाल अपने पीछे भारतीय वायुसेना में ही अफसर पत्नी अफसान और एक बेटी छोड़ गए हैं। शहीद नमन सयाल की माता बीना देवी और पिता जगन नाथ हैदराबाद घूमने गए थे। वहीं उन्हें इस दुर्घटना की सूचना मिली। उन्होंने इस हादसे की खबर की पुष्टि की है। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए भारतीय वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं। दुर्घटना के समय विमान प्रदर्शन उड़ान (डेमो फ्लाइट) पर था।

दुर्घटना शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 2:10 बजे हुई। परिजनों को इस बारे में 3.40 पर आधिकारिक सूचना मिली। यह दिन भारतीय वायुसेना और पूरे देश के लिए बेहद दर्दनाक रहा है। तेजस फाइटर जेट भारत की तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भर रक्षा प्रणाली का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जिले ने इससे पहले ज्वाली की हरनोटा पंचायत के वायुसेना के जवान संजीव कुमार (27) के रूप अपना एक बेटा खोया है। उनका अमृतसर में सड़क हादसे में निधन हो गया था। वह ड्यूटी से मोटरसाइकिल से क्वार्टर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। संजीव कुमार ने करीब छह वर्ष पहले वायुसेना में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की थी। वर्ष 2022 में उनका विवाह हुआ था। उनका अंतिम शुक्रवार को हुआ। अब शुक्रवार को एक और बुरी सामने आई है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खबर अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए वीर सपूत नमन सयाल की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन किया है।

Leave A Reply

Exit mobile version