कांगड़ा। लोगों को शादी (Marriage) के नाम पर ठगने वाले गिरोह ने कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। एक बाद एक पीड़ितों के सामने आने के बाद इस केस में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस कड़ी में अब जयसिंहपुर के मोलग गांव के परिवार (Family) का नाम भी जुड़ा है।
यह भी शादी के नाम पर ठगी का शिकार हुआ है। शादी के कुछ समय बाद दुल्हन ने अपने घर जाने की जिद पकड़ ली। मामला (Case) पंचायत (Panchayat) तक पहुंचा। पंचायत ने बिचौलिए पड़ोस की महिला एवं मंडी जिले के संधोल में मैरिज ब्यूरो चलाने वाले और दुल्हन से ऑनलाइन दिए गए 60 हजार रुपये वापस दिलवाने की बात कह कर मामला अपनी तरफ से निपटा दिया, मगर 30 हजार रुपये ही पीड़ित परिवार को वापस मिले।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पंजाब के जालंधर में 2 लाख रुपये दिए। वहीं घर आकर जालसाजों को 1 लाख 40 हजार रुपये दिए। फिलहाल गिरोह के कुछ सदस्य पुलिस की गिरफ्त में हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह गिरोह पंजाब के लुधियाना और जालंधर से प्रदेश के लोगों से मिलकर इस गोरखधंधे में लगा था। जिन युवकों की शादियां नहीं हो रही थीं, उन्हें यह गिरोह अपना शिकार बना रहा था।
गिरोह शादी से पहले और बाद में भी पैसे ऐंठ रहा था।
अधिकतर मामलों में शादी के कुछ दिन बाद दुल्हन सामान और गहने लेकर भाग रही थी। कांगड़ा जिले के कई परिवार ऐसी ठगी का शिकार हुए हैं। कुछ तो न्याय की गुहार लेकर सामने आ रहे हैं, लेकिन कई लोक-लाज या जागरुकता के अभाव में चुप ही हैं।
‘समाचार हिमाचल’ की लोगों से अपील है कि ऐसे जालसाजों के झांसे में न आएं और शादी जांच-परख कर ही करें। यदि किसी और के साथ भी ऐसी ठगी हुई है तो जरूर बताएं, आपके आगे आने से ऐसे ठगों पर शिकंजा कस सकेगा।
