कांगड़ा। दौलतपुर से हार जलाड़ी के लिए सोमवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस (Bus) सेवा शुरू (Start) हुई। इसे HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा से तीन पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ होगा। इससे पूर्व अजय वर्मा का हार जलाड़ी पहुंचने पर पंचायत प्रधानों, सदस्यों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।

अजय वर्मा ने कहा कि यहां के लोगों के साथ मैंने पूर्व में एक कार्यक्रम के दौरान बस चलाने का वादा किया था, जिसे पूरा करने पर आज मुझे प्रसन्नता है। इस बस सेवा का लाभ मेरे अपने यहां के हजारों लोगों को मिलेगा। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि आपकी हर समस्या को पूरा करने के लिए मैं हमेशा प्रयासरत हूं। उन्होंने कहा आने वाले समय में और अधिक बसों को चलाया जाएगा, जिसका लाभ यहां के लोगों को भी होगा। बस को हरी झंडी दिखाने से पूर्व अजय वर्मा ने लोगों के साथ मिलकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने स्थानीय लोगों और अधिकारियों के साथ मिलकर बस में सफर भी किया। इस दौरान स्थानीय लोग प्रसन्न नजर आए।

उन्होंने बताया कि यह बस कांगड़ा से दोपहर 1:10 बजे चलेगी और 2:00 बजे जलाड़ी पहुंचेगी और उसके उपरांत यहां से वापस जाएगी। स्थानीय लोगों ने उनके समक्ष अपनी अन्य समस्याओं को भी रखा, जिन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व उपाध्यक्ष अजय वर्मा का शॉल-टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।

सुरेश धीमान और नवनीत शर्मा ने सभी की तरफ से उपाध्यक्ष अजय वर्मा का बस की सौगात देने के लिए धन्यवाद किया। सुरेश धीमान ने श्मशानघाट के रास्ते की समस्या को उपाध्यक्ष के समक्ष रखा, जिसे पूरा करने का उन्होंने आश्वासन दिया। इस दौरान डीडीएम राजेंद्र पठानिया, आरएम धर्मशाला साहिल, आरएम देहरा आयुष, मनीष सैनी, प्रधान राजकुमार, प्रधान चंदूलाल, प्रधान दिलबर, उप प्रधान राजेश, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Exit mobile version