कांगड़ा। टैक्सी (Texi) चालक (Driver) पर जानलेवा हमला किया गया है। हमले के दो आरोपी पुलिस (Police) ने गिरफ्तार (Arrest) किए हैं। यह मामला कांगड़ा जिले के पुलिस थाना माझीण क्षेत्र में सामने आया है। जहां आरोपियों ने टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला कर उसे मृत समझकर जंगल में फेंक दिया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव पड़ेला डाकघर टिहरी निवासी शिकायतकर्ता प्रताप सिंह ने 19 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके बड़े भाई मेहर सिंह, जो पेशे से टैक्सी चालक हैं, 17 अप्रैल को अपनी टैक्सी लेकर काम पर निकले थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे।

शिकायत मिलते ही पुलिस थाना माझीण ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 17 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे दो युवकों ने टैक्सी को गगरेट जाने के लिए किराए पर लिया था। जांच के दौरान इनकी पहचान अमित कौशल (23) और सुरेश कुमार (19) दोनों निवासी जिला कांगड़ा के रूप में हुई।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यात्रा के दौरान कलोहा के पास किसी बात को लेकर आरोपियों और चालक के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने चालक को सुनसान रास्ते (सीकरा दा परियोंह होते हुए कामाख्या मंदिर मार्ग) पर जाने के लिए मजबूर किया। वहां पहुंचकर दोनों ने चालक पर चाकू से हमला किया और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। आरोपियों ने उसे मृत समझकर जंगल में फेंक दिया और मौके से भाग गए।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर 19 अप्रैल को घायल टैक्सी चालक को जंगल से गंभीर हालत में बरामद किया गया। घायल चालक को पहले स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। वहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया। RFSL धर्मशाला की फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उन्हें कोर्ट से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Leave A Reply

Exit mobile version