शाहपुर। गवर्नमेंट कॉलेज (College) रिड़कमार के अर्थशास्त्र विभाग ने विशेषज्ञ व्याख्यान कराया। इसका विषय युवा पीढ़ी में सांख्यिकीय उत्पादों के प्रति जागरुकता रहा। इसका आयोजन राज्य सरकार (State Government) के अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग और केंद्र सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के प्रायोजन के अंतर्गत Support for Statistical Strengthening (SSS) Scheme के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र धर्मशाला के अर्थशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राम रतन ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्हें गेस्ट ऑफ होनर और बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। डॉ. राम रतन ने अपने व्याख्यान के दौरान दो अलग-अलग सत्रों में छात्रों (Students) को संबोधित किया। उन्होंने आधिकारिक सांख्यिकीय उत्पादों (Official Statistical Products) के महत्व पर विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि आज के समय में सांख्यिकी केवल आंकड़ों का संग्रह मात्र नहीं है, बल्कि यह नीति निर्माण, विकास योजनाओं के निर्माण, आर्थिक विश्लेषण और शोध कार्यों का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने छात्रों को NSSO, जनगणना, राष्ट्रीय आय के आंकड़े, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) और अन्य सरकारी डाटाबेस के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन आंकड़ों का उपयोग शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं नीति विश्लेषण में किस प्रकार किया जाता है।
उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे सांख्यिकीय डेटा का सही ढंग से विश्लेषण करना सीखें, क्योंकि वर्तमान समय में डाटा आधारित निर्णय (Data Driven Decision Making) का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। उनके व्याख्यान से विद्यार्थियों को सांख्यिकी के व्यावहारिक उपयोग और उसके महत्व को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मंच संचालन अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. हाकम चंद ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में छात्रों को बताया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान छात्रों के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने अपने विशेषज्ञ वक्ता डॉ. राम रतन का कॉलेज में आकर छात्रों का मार्गदर्शन करने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय (MoSPI) केंद्र सरकार का भी आभार जताया।
इस दौरान प्रो. भूपिंदर सिंह, डॉ. आशा मिश्रा और श्री वेद भूषण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विशेषज्ञ वक्ता से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। यह कार्यक्रम छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी रहा।

