कांगड़ा। एपीएमसी (APMC) कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा ने शनिवार को नंदेहड़ में पूजा-अर्चना कर नलकूप के काम (Work) का शुभारंभ किया। इस परियोजना पर ₹ 516 लाख खर्च होंगे। इससे इच्छी, सहौड़ा, कोटक्वाला, नंदेहड़ और जोगीबल्ला की करीब आठ हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
इस दौरान निशु मोंगरा ने कहा कि छह महिने में परियोजना का कार्य पूरा होगा। इस परियोजना के तहत पाइपलाइन, टैंक के अलावा तीन बड़े नलकूप लगेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में पानी की कोई कमी नहीं रहेगी। विधानसभा क्षेत्र पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सबसे ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
कांगड़ा विधानसभा हलके में मौजूदा समय में भाजपा का विधायक है, लेकिन इस विधानसभा क्षेत्र को दिल खोलकर बजट मिल रहा है। जनता को कांग्रेस ने कभी महसूस नहीं होने दिया कि यहां विपक्ष का विधायक है।
मोंगरा ने कहा कि ई-नाम यानी राष्ट्रीय कृषि बाजार से जिला के किसान लगातार जुड़ रहे हैं। किसानों को उनके माल का ऑनलाइन भुगतान किया जा रहा है। अब तक ढाई करोड़ का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। कांगड़ा विधानसभा हलके में मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए सबसे ज्यादा काम किया जा रहा है। सीएम सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेहतरीन काम कर रही है।