कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे (Accident) में तीन युवकों की जान चल गई है। भलेड़ पावर हाउस के पास एक बाइक (Bike) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों (Youth) की मौके पर ही मौत (Deathe) हो गई।

तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे, जिसके चलते चनैना गांव में मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार तीनों युवक शुक्रवार रात गुग्गा डेरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे बाइक पर सवार होकर अपने गांव की ओर लौट रहे थे।

इस दौरान भलेड़ पावर हाउस के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
घुप्प अंधरे के कारण हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। तीनों युवक खाई में पड़े रहे और समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उनकी जान चली गई। बाद में हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों की पहचान अशोक कुमार (36) पुत्र जोगिंदर पाल, पवन कुमार (27) पुत्र केवल कुमार और प्रिंस कुमार (19) पुत्र पुराण चंद के रूप में हुई है। तीनों ही युवक दरीणी पंचायत के चनैना गांव के रहने वाले थे। एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। जिन परिवारों को अपने बेटों के घर लौटने का इंतजार था, उन्हें उनके निधन की खबर मिली।

जवान बेटों की मौत से तीनों परिवार सदमे में हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल के आसपास सड़क की खराब स्थिति भी हादसे की वजह हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति और रात का अंधेरा वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ाते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version