चंबा में हफ्तेभर चलने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर (Minjar) मेले का रविवार को समापन हुआ। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhu) ने अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक निकाली गई पारंपरिक शोभायात्रा का नेतृत्व किया। इसके बाद उन्होंने परंपरा के अनुसार रावी नदी में मिंजर विसर्जन किया।
मुख्यमंत्री स्थानीय देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान सांस्कृतिक दलों, पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला एवं पुरुषों, पर्यटकों, पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाने वाले कलाकारों और प्रदेश पुलिस एवं होमगार्ड के दलों ने भाग लिया। इस भव्य आयोजन ने चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
प्राचीन परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री ने लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फलों और सिक्के सहित मिंजर को रावी नदी को अर्पित किया और प्रदेश एवं देश में शांति, समृद्धि व अच्छी फसल की कामना की।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, अमित भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी और अन्य गणमान्य लोग शोभायात्रा में सीएम सुक्खू के साथ मौजूद रहे।

